लखनऊ: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में बुधवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवां गांव में घर के अंदर मां और 12 वर्षीय बेटी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। दोहरे हत्याकांड की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतकों की पहचान जयमून निशा (35) और उनकी बेटी आईंमन निशा (12) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार समेत पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के अनुसार, मृतका के भाई मोहम्मद अनिरुल्लाह ने बताया कि मंगलवार देर रात परिवार के लोगों ने जयमून का हालचाल जानने के लिए फोन किया था, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। अनहोनी की आशंका होने पर परिजन बुधवार सुबह घर पहुंचे।

वहां मां जयमून का शव खून से लथपथ हालत में फर्श पर मिला, जबकि बेटी आईंमन की लाश बेड पर पड़ी थी। प्रारंभिक जांच में दोनों की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की बात सामने आई है।

मृतका के भाई ने परिवार के ही एक सदस्य पर मां-बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Tags: