वेस्‍ट यूपी में आंधी-बारिश से 11 लोगो की मौत, आज से मौसम के साफ होने के आसार

पश्चिमी यूपी में बुधवार शाम अचानक मौसम बदल गया। बदायूं में तेज आंधी के चलते पेड़ और दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई।

Update: 2022-05-05 04:02 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। पश्चिमी यूपी में बुधवार शाम अचानक मौसम बदल गया। बदायूं में तेज आंधी के चलते पेड़ और दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई। वहीं, शाहजहांपुर में खंभा गिरने से एक वृद्धा चपेट में आ गई। उधर, आगरा, मेरठ और सहारनपुर मंडल सहित वेस्ट यूपी में तेज आंधी और बारिश लोगों पर कहर बनकर टूटी। अलग-अलग शहरों में पेड़, बिजली का खंभा और आकाशीय बिजली गिरने से तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए।

बरेली में आंधी से हर तरफ धूल का गुबार दिखा। बाद में बारिश से मौसम सुहाना हो गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया। बदायूं जिले में शाम करीब छह बजे बादल घिर आए। थोड़ी ही देर में आंधी चलने लगी। अलापुर थाना क्षेत्र के अठर्राकुनिया गांव में आम बीनने गए बालक पर पेड़ गिर गया। उसकी मौत हो गई। वहीं कुतराई गांव में दीवार गिरने से आठ वर्ष के मासूम ने दम तोड़ दिया। उधर, शाहजहांपुर में जैतीपुर के अली अकबरपुर नवादा में आंधी के कारण खंभा गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। आंधी से बिजली के सैकड़ों खंभे टूट गए और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
बागपत में आकाशीय बिजली से दो की मौत
आकाशीय बिजली गिरने से खट्टा प्रहलादपुर और मवीखुर्द गांव में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। तीन लोग घायल हो गए। कासगंज में पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आकर दो की मौत हो गई। कई स्थानों पर ओले भी पड़े।
आंधी में उखड़े खंभे-पेड़, बारिश के साथ गिरे ओले
मेरठ में अंधड़ से कई पेड़ उखड़ गए और होर्डिंग उड़कर दूर जा गिरे। रात में बारिश के साथ गिरे ओलों से तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई। मेरठ के आसपास के क्षेत्रों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से आम की फसल के साथ ही पेड़ों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। खरखौदा अंडरपास में बारिश के चलते पानी भर गया।
मेरठ में ऐसे बदला मौसम
बुधवार दोपहर तक मेरठ में तेज गर्मी और उमस से बुरा हाल था। तीन बजते ही मौसम का मिजाज बदलना शुरू हुआ और बादल छाने शुरू हो गए। पांच बजते ही आंधी की शुरुआत हुई। इसके बाद तेज आंधी का दौर शुरू हुआ। छह बजे तक मेरठ सहित वेस्ट यूपी के अधिकांश हिस्सों को अंधड़ ने अपनी चपेट में ले लिया। तेज अंधड़ से मेरठ के विभिन्न इलाकों में पेड़ धराशायी होकर सड़क पर गिर पड़े। सड़क किनारे लगे होर्डिंग उखड़कर दूर जा पड़े। इसके बाद मेरठ में आंधी के साथ ही तेज बारिश ने दस्तक दी। रात आठ बजे तक मेरठ में बारिश का दौर जारी रहा। इस दौरान कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई।
आज से मौसम साफ
आज से मौसम के पूरी तरह से साफ होने के आसार हैं। हालांकि, आद्रता का स्तर बढ़ने से उमस चरम पर रहेगी। इससे भीषण गर्मी का अहसास हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ हिस्सों में सुबह और देर शाम तक हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन यह व्यापक नहीं होगी। दिन में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। सात मई के बाद मौसम एक बार फिर से पुराने तेवर में आने लगेगा। ना केवल दिन के तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी बल्कि रात में पारा ऊपर जाएगा।
सामान्य से तीन डिग्री कम बुधवार का पारा
बुधवार को मेरठ में दिन का तापमान 36.6 और रात का 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम दर्ज हुआ जबकि रात में का सामान्य रहा। मंगलवार के सापेक्ष दिन के तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ जबकि रात में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। शाम 5.30 बजे तक मेरठ में एक मिमी बारिश हुई। मेरठ में करीब 65 दिनों बाद बारिश दर्ज की गई है। इससे पहले केवल फरवरी में बारिश हुई थी। एक्यूआई 192 दर्ज हुआ जो मध्यम श्रेणी में है।
Tags:    

Similar News

-->