हैदराबाद: तेलंगाना के नलगोंडा जिले में स्कूल प्रिंसिपल की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कल्लू रूपा रेड्डी की हत्या की गुत्थी एक फोन कॉल में बोले गए सिर्फ एक शब्द 'बाबू' से सुलझी। पुलिस ने इस मामले में 10वीं कक्षा के दो छात्रों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि दोनों ने पैसे के लिए प्रिंसिपल की हत्या की।
पुलिस के अनुसार, 48 वर्षीय रूपा रेड्डी नलगोंडा जिले के कोंडामल्लेपल्ली स्थित
नागार्जुन पब्लिक स्कूल
की प्रिंसिपल और निदेशक थीं। 12 अगस्त को वह अपने घर में मृत पाई गई थीं। उनके शरीर पर चाकू से वार के 27 निशान मिले थे। घटना के बाद पुलिस ने हत्या की जांच के लिए कई टीमें गठित की थीं।
'बाबू' शब्द से मिला पहला सुराग
जांच के दौरान पुलिस को रूपा रेड्डी की आखिरी फोन बातचीत अहम लगी। हत्या से कुछ समय पहले उन्होंने अपनी रिश्तेदार से फोन पर बात की थी। बातचीत के दौरान उनके मुंह से आखिरी शब्द 'बाबू' निकला था। पुलिस ने इस शब्द को जांच की दिशा में बड़ा सुराग माना, क्योंकि स्कूल में वह छात्रों को भी 'बाबू' कहकर बुलाती थीं। इसी आधार पर पुलिस ने स्कूल से जुड़े लोगों की जांच शुरू की।
दो छात्रों पर गया शक
पुलिस ने स्कूल के कई छात्रों और कर्मचारियों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि कुछ छात्र घटना के बाद स्कूल से अनुपस्थित थे। इनमें 10वीं कक्षा के दो छात्रों का व्यवहार संदिग्ध पाया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों छात्रों के पास अचानक ज्यादा पैसे आने और खर्च करने की जानकारी मिली, जिसके बाद शक गहराया।
चोरी के बाद हत्या का आरोप
पुलिस का दावा है कि छात्रों ने पैसे चोरी करने के इरादे से वारदात की योजना बनाई थी। आरोप है कि एक छात्र पहले स्कूल में हॉस्टल में रहता था और उसके पास मोबाइल फोन व नकदी मिलने पर रूपा रेड्डी ने उसे डांटा था। बाद में उसे हॉस्टल से हटाकर डे-स्कॉलर कर दिया गया था और उसके अभिभावकों को भी जानकारी दी गई थी। पुलिस इसी नाराजगी को हत्या की वजहों में से एक मान रही है। जांच के दौरान एक आरोपी छात्र के पास से नकदी और एक आईफोन बरामद होने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, बरामद पैसों पर खून के निशान मिले, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया। जांच में इनका संबंध मृतक प्रिंसिपल से जोड़े जाने का दावा किया गया है।
पुलिस ने ऐसे खोला मामला
पुलिस ने करीब 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और डिजिटल व फोरेंसिक सबूत जुटाए। जांच के दौरान छात्रों की गतिविधियों, उनके खर्च और घटनास्थल से जुड़े सबूतों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। इस घटना ने शिक्षा संस्थानों में छात्रों के व्यवहार और सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई सबूतों के आधार पर की जाएगी।
Tags: