हैदराबाद: हैदराबाद में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान एक महिला का गले में अजगर (पायथन) लपेटकर डांस करने का मामला चर्चा का विषय बन गया है। विशाखापत्तनम के एक डांस ग्रुप ने जवाहर नगर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान एक इंडियन रॉक पायथन का इस्तेमाल किया।
ग्रेटर हैदराबाद सोसाइटी फॉर प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स (GHSPCA) और पुलिस ने रविवार रात डांस परफॉर्मेंस में इस्तेमाल किए गए अजगर और एक मुर्गी को बचाया।
GHSPCA के सदस्यों और मधुरा नगर पुलिस स्टेशन के पुलिस अधिकारियों ने तब कार्रवाई की जब विशाखापत्तनम का ग्रुप गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान परफॉर्म कर रहा था।
GHSPCA के अनुसार, अजगर के मुंह में इन्फेक्शन पाया गया। अब उसका इलाज पशु चिकित्सक की देखरेख में हो रहा है।
यह रेस्क्यू ऑपरेशन तब किया गया जब GHSPCA ने पुलिस की मदद से लगभग पांच दिनों तक ग्रुप पर नज़र रखी।
अजगर 'वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972' के तहत संरक्षित प्रजाति है।
GHSPCA के सदस्य इस ग्रुप पर नज़र रख रहे थे क्योंकि उन्हें जानकारी मिली थी कि पब्लिक शो में कथित तौर पर एक ज़िंदा सांप का इस्तेमाल किया जा रहा है।
महिलाओं समेत यह ग्रुप हैदराबाद में गणेश चतुर्थी के जश्न के दौरान कई जगहों पर परफॉर्म कर रहा था।
विशाखापत्तनम के ग्रुप ने 19 सितंबर को कोंडापुर में परफॉर्म किया था। हालांकि, GHSPCA की टीम के पकड़ने से पहले ही सांप को संभालने वाला व्यक्ति (स्नेक हैंडलर) भाग गया। अगले दिन, टीम ने पुलिस के साथ मिलकर उसे पकड़ लिया। उसके पास से एक अजगर और एक मुर्गी मिली।
एनिमल एक्टिविस्ट की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और आगे की जांच शुरू की।
पिछले साल, GHSPCA ने हैदराबाद में सपेरों से आठ कोबरा बचाए थे। सपेरे आदिबतला पुलिस स्टेशन के इलाके में आने वाले सुरमगुट्टा के श्री येल्लम्मा थाली देवालयम में क्रेट में कोबरा रखकर उन्हें दिखा रहे थे।
यह संस्था लोगों से अपील करती रही है कि अगर उन्हें सपेरे दिखें तो उन्हें सूचित करें। इसके वॉलंटियर नाग पंचमी के दौरान सांपों को बचाने के लिए सक्रिय रूप से काम करते हैं।