IAS अधिकारियों को सरकारी प्रवक्ता बनाने की याचिका खारिज, याचिकाकर्ता पर 1 लाख रुपये का जुर्माना
चेन्नई: मद्रास उच्च न्यायालय ने गुरुवार को एक वकील द्वारा दायर जनहित याचिका (पीआईएल) को खारिज कर दिया, जिसमें तमिलनाडु सरकार के प्रवक्ता के रूप में चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की नियुक्ति को चुनौती दी गई थी।
मुख्य न्यायाधीश मनिंद्र मोहन श्रीवास्तव और न्यायमूर्ति सुंदर मोहन की प्रथम पीठ ने याचिका को खारिज करते हुए याचिकाकर्ता एम सत्य कुमार पर तुच्छ आधार पर याचिका दायर करने के लिए एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
यह देखते हुए कि नियुक्ति करके किसी कानून का उल्लंघन नहीं किया गया है, पीठ ने कहा कि अधिकारियों को "किसी पार्टी के नहीं, बल्कि सरकार के प्रवक्ता" के रूप में नियुक्त किया गया है।
पीठ ने याचिकाकर्ता से पूछा, "क्या यह किसी कानून का उल्लंघन है? नियुक्ति एक उचित माध्यम से की गई है। वे सरकार के प्रवक्ता हैं, किसी पार्टी के नहीं। इसमें गलत क्या है?"
हालांकि, सत्य कुमार ने दलील दी कि ऐसा कोई कानून नहीं है जो आईएएस अधिकारियों को सरकार के प्रवक्ता के रूप में नियुक्त करने का प्रावधान करता हो और यह संविधान के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि नियुक्ति के लिए कोई उचित सरकारी आदेश जारी नहीं किया गया था। यह नियुक्ति केवल सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय (डीआईपीआर) द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से की गई थी।
याचिका में, उन्होंने कहा था कि इस तरह की नियुक्ति के लिए कोई कानूनी परिभाषा या विधायी समर्थन नहीं है और इससे सरकारी संचार और राजनीतिक संदेश के बीच घालमेल का खतरा है क्योंकि सत्तारूढ़ दल अपने संदेशों के प्रसार के लिए इसका इस्तेमाल कर सकता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि इस नियुक्ति के लिए कोई सरकारी आदेश, वैधानिक नियम या प्राधिकरण के लिए कानूनी रूप से तैयार अधिसूचना नहीं थी।
उन्होंने अदालत से इस संबंध में डीआईपीआर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति को रद्द करने की मांग की थी।