तमिलनाडु में धर्मपुरी आम पर कीटों का हमला, दाम बढ़ने के आसार
आम खाने के शौकीनों के लिए बूरी खबर है.
तमिलनाडु : आम खाने के शौकीनों के लिए बूरी खबर है. जैसा कि हम जानते हैं कि आम के फसलों की शुरूआत दक्षिण भारत के आमों से होती है. परंतु इस साल दक्षिण भारत खासकर तमिलनाडु के प्रसिद्ध धर्मपुरी आम की फसल पर कीटों ने हमला करके काफी नुकसान पहुंचाया है. इसी कारणवश इस साल धर्मपुरी आम काफी कम मात्रा में बाजार में उपलब्ध होगा. उसका स्वाद लेने के लिए आपको कीमत ज्यादा चुकानी पड़ सकती है. कीटों के हमलों से तमिलनाडु बागवानी विभाग और किसान काफी चिंतित हैं. दक्षिण भारत में अपने स्वाद और आकार के लिए प्रसिद्ध, धर्मपुरी आम पूरे देश में बेचे जाते हैं. किसानों के अनुसार, कीमतें अभी तय नहीं की गई हैं, लेकिन पिछले साल की तुलना में कम से कम 20 से 30 प्रतिशत ज्यादा होगी. कीटों के हमले से हुए नुकसान की भरपाई के लिए आम के दाम का बढ़ना लगभग तय है.