Udaipur: ऑनलाइन लॉटरी से हुआ वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना में यात्रियों का चयन

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत 1989 यात्रियों को मिला मौका

Update: 2026-06-25 06:48 GMT

उदयपुर: राज्य सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-27 के अंतर्गत उदयपुर जिले के पात्र आवेदकों के चयन के लिए बुधवार को जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर स्थित सूचना एवं प्रौद्योगिकी कार्यालय में ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया सम्पन्न हुई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी निकाली।लॉटरी प्रक्रिया के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद, सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग सहित चयन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से उदयपुर जिले के कुल 1989 वरिष्ठ नागरिकों का चयन किया गया। इनमें 1772 यात्रियों का चयन रेल यात्रा तथा 217 यात्रियों का चयन हवाई यात्रा के लिए किया गया है। इसके साथ ही रेल एवं हवाई यात्रा दोनों श्रेणियों के लिए कुल 1989 यात्रियों की प्रतीक्षा सूची भी जारी की गई है। मुख्य सूची में चयनित किसी यात्री के यात्रा पर नहीं जाने की स्थिति में प्रतीक्षा सूची के क्रम अनुसार अन्य पात्र आवेदकों को अवसर प्रदान किया जाएगा।

सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग उदयपुर जतिन गांधी ने बताया कि चयनित वरिष्ठ नागरिकों को एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी। साथ ही चयनित एवं प्रतीक्षा सूची देवस्थान विभाग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे आवेदक अपने नाम की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की बजट घोषणा के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में प्रदेश के 56 हजार वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी। योजना के तहत 50 हजार यात्रियों को रेल मार्ग से देश के प्रमुख 15 तीर्थ स्थलों में से किसी एक तीर्थ स्थल की यात्रा कराई जाएगी, जबकि 6 हजार वरिष्ठ नागरिकों को हवाई मार्ग से नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।योजना के अंतर्गत यात्रा, आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं राज्य सरकार द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। उदयपुर संभाग से रवाना होने वाली पहली तीर्थ यात्रा ट्रेन अगस्त अथवा सितंबर माह में संचालित होने की संभावना है। यात्रा की तिथि एवं अन्य आवश्यक निर्देशों की सूचना चयनित यात्रियों को पृथक से प्रदान की जाएगी।

Tags:    

Similar News