जालोर में दर्दनाक सड़क हादसा, दो सैलून संचालकों की मौत
नरसाणा पुलिया पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार दो लोगों की गई जान
जालोर: राजस्थान के जालोर जिले में शनिवार शाम भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। बिशनगढ़ थाना क्षेत्र के नरसाणा पुलिया के पास बाइक और सामने से आ रही स्विफ्ट कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई और जोरदार धमाका हुआ, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, बाइक सवार दोनों व्यक्ति शेरगढ़ से जालोर की ओर जा रहे थे। नरसाणा पुलिया के पास उनकी बाइक कार से टकरा गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही बिशनगढ़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घायल को तत्काल जालोर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान शम्भूराम (44) निवासी साकड़ा, जैसलमेर और जगदीश उर्फ जगाराम (45) निवासी चाबा, शेरगढ़-जोधपुर के रूप में हुई है।
दोनों जालोर में सैलून का काम करते थे। शम्भूराम का सैलून भगली प्याऊ क्षेत्र में और जगदीश का सैलून तासखाना बावड़ी क्षेत्र में बताया गया है।
पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।