पंचायत चुनाव में दिखा जबरदस्त उत्साह, सुबह से बूथों पर लगी मतदाताओं की लंबी कतारें
जैसलमेर की भोजराजपुरम पंचायत में चुनाव का बहिष्कार, पंच-सरपंच पद के लिए नहीं आया एक भी नामांकन
जयपुर: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के अंतिम चरण में सोमवार को लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिला। प्रदेश के 25 जिलों की 3,747 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच चुनने के लिए सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई। कई जगहों पर मतदान शुरू होने के कुछ ही देर बाद लंबी कतारें लग गईं। इस चरण में एक करोड़ पांच लाख से अधिक मतदाता अपने गांव की सरकार चुनने के लिए वोट डाल रहे हैं।
सुबह 7 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी। इसके लिए कुल 11,905 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव में 54.88 लाख पुरुष और 51.05 लाख महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस चरण में 3,747 सरपंचों और 33,885 वार्ड पंचों का निर्वाचन होना है।
बुजुर्गों ने पेश की मतदान की मिसाल
पंचायत चुनाव में उम्र भी मतदाताओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। बालोतरा के भीमरलाई स्टेशन स्थित बूथ संख्या 21 पर 95 वर्षीय महिला व्हीलचेयर के सहारे मतदान करने पहुंचीं। श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ में 90 वर्षीय माया बाई लाठी के सहारे वोट डालने पहुंचीं। जैसलमेर की लाठी ग्राम पंचायत में भी बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं ने व्हीलचेयर तथा वॉकर की मदद से मतदान किया।
सवाई माधोपुर की शेरपुर ग्राम पंचायत में भी 80 वर्षीय मोत्या को उनके परिजन सहारा देकर मतदान केंद्र तक लेकर पहुंचे। इन बुजुर्ग मतदाताओं की भागीदारी ने चुनाव के दौरान सभी का ध्यान खींचा।
कहीं लंबी कतारें तो कहीं चुनाव से दूरी
सीकर जिले की फतेहपुर पंचायत समिति के अंतर्गत भींचरी ग्राम पंचायत में सुबह महिलाओं की 100 मीटर से अधिक लंबी कतार देखने को मिली। श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ क्षेत्र में भी मतदान केंद्रों पर महिला और पुरुष मतदाता अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
हालांकि, जैसलमेर की रामगढ़ पंचायत समिति की भोजराजपुरम ग्राम पंचायत में तस्वीर अलग रही। यहां ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार किया। स्थिति यह रही कि पंच और सरपंच पदों के लिए किसी भी व्यक्ति ने नामांकन तक दाखिल नहीं किया।
मतदान केंद्र पर बेहोश हुई महिला
भरतपुर जिले की रूपवास पंचायत समिति के खानवां मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए इंतजार कर रही एक महिला अचानक भीड़ के बीच बेहोश होकर गिर गई। वहां मौजूद लोगों ने तत्काल उसकी सहायता की।
दूसरी तरफ सवाई माधोपुर की शेरपुर ग्राम पंचायत में मतदान को यादगार बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। मतदान केंद्र को शादी के पंडाल की तर्ज पर सजाया गया। गुब्बारों के साथ स्वच्छ पेयजल, व्हीलचेयर और सेल्फी केंद्र की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा पदों पर चुनाव
इस चरण में श्रीगंगानगर जिला पंच-सरपंच पदों के लिहाज से सबसे आगे है। यहां 307 सरपंच और 2,695 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। वहीं खैरथल-तिजारा जिले की ततारपुर, मुंडावर, कोटकासिम और टपूकड़ा पंचायत समितियों की 117 ग्राम पंचायतों में भी वोट डाले जा रहे हैं।
गौरतलब है कि प्रदेश की कुल 14,403 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच चुनने की प्रक्रिया चार चरणों में पूरी की जा रही है। इसके साथ ही जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान पहले ही संपन्न हो चुका है।
बैलेट पेपर से मतदान, शाम से गिनती
पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान बैलेट पेपर के जरिए कराया जा रहा है। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू होगी। सबसे पहले वार्ड पंचों के नतीजे घोषित किए जाएंगे, जबकि इसके बाद सरपंच पदों के मतों की गिनती होगी। प्रशासन को उम्मीद है कि देर रात तक अधिकांश ग्राम पंचायतों के परिणाम सामने आ जाएंगे।