Sirohi News : कोयले से भरे ट्रक और पानी के टैंकर में भिड़ंत के बाद लगी आग
Sirohi News : सरूपगंज-आबूरोड फोरलेन पर भीमाना गांव के पास आज दोपहर एक तेज रफ्तार कोयले से भरे ट्रक और पानी के टैंकर में भीषण भिड़ंत हो गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में आग लग गई. आग की लपटें काफी ऊंची उठने लगी, जिसे देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों वाहनों में फंसे चालकों को बाहर निकाला. हादसे के कारण सड़क पर यातायात अवरूद्ध हो गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई| जिले के भीमाना गांव के पास आज एक ट्रक और पानी के टैंकर में भिड़ंत हो गई, ट्रक पलट गया और दोनों वाहनों में आग लग गई. काफी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और आग पर काबू पाया गया|
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी. दरअसल हादसा उस समय हुआ जब एनएचएआई द्वारा टैंकर से डिवाइडर पर लगे पौधों में पानी डाला जा रहा था, इसी दौरान गुजरात के गांधीधाम के मुंद्रा पोर्ट से कोयला लेकर मेड़ता जा रहा ट्रक पानी के टैंकर से टकराकर पलट गया और दोनों वाहनों में आग लग गई. आग में पानी के टैंकर चालक सलीम खान और ट्रक चालक रामप्रसाद फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और राहत टीमों ने बचाया। सरूपगंज थाना पुलिस, एनएचएआई की राहत टीम, नगर पालिका और दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस दौरान यातायात जाम हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना रोहिड़ा थाना क्षेत्र में हुई, लेकिन पुलिस समय पर नहीं पहुंची। स्थानीय लोगों ने रोहिड़ा पुलिस को सूचना दी, लेकिन सरूपगंज थाना पुलिस पहले ही मौके पर पहुंच गई थी और राहत कार्य में जुटी हुई थी।