भीलवाड़ा । पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान का स्वरूप देने की दिशा में संगम उद्योग समूह की पहल ने शहर में नई मिसाल कायम की है। पौधों के वितरण के साथ लोगों को उनके संरक्षण और देखभाल के लिए प्रेरित करने वाले इस अभियान के तहत 86 हजार पौधों एवं 4650 ट्री गार्ड का वितरण किया गया। अभियान के तहत आमजन, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों तक हरियाली का संदेश पहुंचाया गया। इस पहल से शहरवासियों में पौधारोपण के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना भी मजबूत हुई। संगम उद्योग समूह द्वारा चलाया गया निःशुल्क पौधा एवं ट्री गार्ड वितरण अभियान शुक्रवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अभियान के समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक अशोक कोठारी ने संगम समूह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पेड़ हमारे प्राण हैं और पौधारोपण राष्ट्र सेवा के समान है। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। पौधा वितरण प्रभारी बाबूलाल जाजू ने बताया कि अभियान के दौरान आमजन के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों के लिए अब तक 86 हजार पौधों एवं 4650 ट्री गार्ड का वितरण किया जा चुका है। अभियान को लेकर शहरवासियों, शिक्षण संस्थानों तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

ट्री गार्ड वितरण प्रभारी हिम्मत पारीक एवं मुकेश अजमेरा ने बताया कि जिन लाभार्थियों ने पहले से आवेदन कर रखा है, उन्हें टेलीफोन के माध्यम से सूचना देकर ट्री गार्ड उपलब्ध करवाए जाते रहेंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पौधों को सुरक्षित रखने और उनके बेहतर विकास के लिए ट्री गार्ड की व्यवस्था भी की गई है। पौधे एवं ट्री गार्ड वितरण अभियान में विद्यासागर सुराणा, गुमानसिंह पीपाड़ा, मुकेश अजमेरा, जमनालाल जोशी, दाताराम वर्मा एवं सत्यनारायण काबरा सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा। संगम समूह के अध्यक्ष रामपाल सोनी ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शहरवासियों, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा ने जिस उत्साह और पर्यावरण जागरूकता के साथ पौधारोपण अभियान में भागीदारी निभाई, वह अनुकरणीय है। यह अभियान केवल पौधों के वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण साबित हुआ। संगम समूह के वाइस चेयरमैन एसएन मोदानी एवं प्रबंध निदेशक अनुराग सोनी ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वितरित किए गए पौधों की नियमित देखभाल करें। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना अभियान का पहला चरण है, जबकि उसकी सुरक्षा और उसे वृक्ष के रूप में विकसित करना हमारी वास्तविक जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से ही इस अभियान को प्रतीकात्मक पौधारोपण से स्थायी हरियाली में परिवर्तित किया जा सकता है।

Tags: