आनंद धाम में मटकी फोड़ माखन चोर कार्यक्रम ने बांधा समां, युगल नृत्य में भी दिखा उत्साह
भीलवाड़ा । अन्तर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब जिला शाखा एवं आनंद धाम मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में जन्माष्टमी महोत्सव हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम संयोजक एवं आनंद धाम की ट्रस्टी सुमन राजेन्द्र बाहेती के संयोजन में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें कुल 54 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 3 से 7 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए राधा-कृष्ण थीम पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता हुई। इसमें 38 नन्हे-मुन्ने बच्चे नटखट कन्हैया और राधिका के रूप में सज-धजकर पहुंचे और अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। वहीं 8 से 16 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए जन्माष्टमी थीम पर युगल नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 16 प्रतिभागियों ने उत्साह से भाग लिया। मंदिर परिसर में ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों के बीच विवेकानंद केन्द्र के बच्चों ने ‘मटकी फोड़ माखन चोर’ कार्यक्रम प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का खूब मनोरंजन किया और वातावरण कृष्णमय हो गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब की राष्ट्रीय महासचिव अनिता डॉ. अशोक सोडाणी ने की।
मुख्य अतिथि राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुमन सुरेश सोनी एवं जिलाध्यक्ष डॉ. चेतना सुनील जागेटिया रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पदाधिकारी कान्ता बी.एल. मेलाणा, डॉ. राखी प्रमोद राठी, इन्दिरा डॉ. भागचन्द सोमानी, एडवोकेट नीलम दरगड़, रामचन्द्र मून्दड़ा एवं स्नेहलता पटवारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं के तीनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान का चयन निर्णायक डॉ. सुमन सोनी एवं स्नेहलता पटवारी ने किया। परिणामों की घोषणा डॉ. राखी राठी, कान्ता मेलाणा, इन्दिरा सोमानी एवं एडवोकेट नीलम दरगड़ ने की। राधिका गौरी वर्ग में प्रथम किमाया माहेश्वरी, द्वितीय ऋत्वि पोरवाल एवं तृतीय दित्या माहेश्वरी रहीं। नटखट कृष्ण कन्हैया वर्ग में प्रथम आरषि भदादा, द्वितीय युविका समदानी एवं तृतीय श्रीहान समदानी रहे। युगल नृत्य प्रतियोगिता में आरवी-रीवा प्रथम, वाणी-लविका द्वितीय तथा आरोही-आरवी तृतीय रहे। सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार दिए गए। साथ ही सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए मिठाई, चॉकलेट, फल एवं बांसुरी भेंट की गई।