वरिष्ठ IPS अधिकारी किशन सहाय मीना पर बलात्कार का मामला दर्ज, जांच शुरू

Update: 2026-05-02 17:00 GMT

Jaipur: जयपुर में एक महिला ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और पुलिस मुख्यालय में आईजी मानवाधिकार के पद पर कार्यरत किशन सहाय मीना के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कराया है। मामला मालवीय नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि शादी का झांसा देकर उसके साथ बलात्कार किया गया और सरकारी आवास पर बुलाकर मारपीट भी की गई।शिकायत डाक के माध्यम से मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने पुष्टि की है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।

वहीं, आईपीएस अधिकारी किशन सहाय मीना ने इन आरोपों को साजिश बताते हुए कहा है कि उनके खिलाफ एक सुनियोजित षड्यंत्र रचा गया है। उन्होंने दावा किया कि जांच में चैट और अन्य सबूत सामने आने पर सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी।

पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। किशन सहाय मीना 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वे राजस्थान के दौसा जिले के रहने वाले हैं। अपने करियर में वे टोंक एसपी, अजमेर जीआरपी एसपी, सीआईडी-सीबी एसपी और बाद में डीआईजी से आईजी पद तक पहुंचे हैं। वर्तमान में वे पुलिस मुख्यालय में मानवाधिकार आईजी के पद पर कार्यरत हैं।

Tags:    

Similar News