Rajasthan राजस्थान: उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर आज तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें कार और ट्रक के बीच टक्कर होने से बर्तन व्यवसायी और ड्राइवर की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे टीडी-बारापाल के पास पुलिया से पहले हुआ। हादसे के वक्त कार में व्यवसायी की पत्नी भी मौजूद थी, जो हादसे में सुरक्षित बच गई। गोवर्धन विलास थाने के सीआई दिलीप सिंह ने बताया कि उदयपुर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि अहमदाबाद से उदयपुर आ रही एक कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, कार में सवार गुजरात के नाडियाड निवासी 70 वर्षीय बर्तन व्यवसायी ओम प्रकाश मूंदड़ा और ड्राइवर दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। कार की पिछली सीट पर बैठी ओम प्रकाश मूंदड़ा की पत्नी कैलाश देवी सुरक्षित रहीं। पुलिस ने कैलाश देवी से पूछताछ कर उदयपुर में रहने वाले उनके दामाद पंकज तोषनीवाल को सूचना दी। इसके बाद दामाद और बेटी मौके पर पहुंचे। बताया गया कि ओमप्रकाश मूंदड़ा नडियाद से चित्तौड़गढ़ एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
उनके दामाद पंकज तोषनीवाल ने बताया कि ओमप्रकाश मूल रूप से राजसमंद जिले के कुंवारिया के निवासी थे और पिछले कुछ सालों से नडियाद में व्यवसाय कर रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर गोवर्धन विलास थाने के सीआई दिलीप सिंह, एएसआई धर्मवीर सिंह और हेड कांस्टेबल अकरम खान मौके पर पहुंचे और दोनों मृतकों के शवों को एमबी अस्पताल पहुंचाया।