Rajasthan राजस्थान: राजस्थान के बूंदी जिले के करवर थाना क्षेत्र के नाहरगंज गांव में मंगलवार को एक दुखद घटना घटी, जहां बिजली के खंभे पर काम कर रहे एक मजदूर की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। मृतक के परिजनों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और 50 लाख रुपये मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
शटडाउन लेकर कर रहा था काम, बीच में चालू हो गई सप्लाई
करवर थाना प्रभारी मुकेश यादव के अनुसार मंगलवार सुबह करंट लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि मृतक बबलू नागर पुत्र रमेश धाकड़ नाहरगंज गांव का रहने वाला था और बिजली विभाग में ठेके पर काम करता था। वह बिजली के खंभे पर चढ़कर मेंटेनेंस का काम कर रहा था और इससे पहले उसने लाइन बंद करने के लिए स्टेशन पर मौजूद कर्मचारी से शटडाउन लिया था। हालांकि, जब वह खंभे पर काम कर रहा था, तभी अचानक किसी ने बिजली सप्लाई चालू कर दी, जिससे खंभे में करंट दौड़ गया और बबलू उसकी चपेट में आ गया। जब तक लाइन को दोबारा बंद किया गया, तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
हादसे की खबर फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। मौत से गुस्साए उसके परिजन और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। उन्होंने मृतक का शव सड़क पर रखकर नारेबाजी की और दोषी अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया और मुआवजे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और इस हादसे ने पूरे परिवार को बेसहारा कर दिया है।
सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक, तहसीलदार और करवर थाना समेत आसपास के थानों का दस्ता मौके पर पहुंचा और लोगों को शांत करने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी लोग अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों का गुस्सा और दर्द देखकर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और मृतक के परिजनों को राहत पहुंचाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
Tags: