Rajasthan राजस्थान: जयपुर शहर के वीकेआई रोड नंबर 17 स्थित करणी विहार कॉलोनी में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्लास्टिक पाइप बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि समय रहते दमकल और पुलिस को सूचना दे दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना सुबह करीब 11:20 बजे की है, जब कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली। तुरंत ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर रवाना की गईं। वीकेआई दमकल केंद्र से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की सूचना मिलने पर फैक्ट्री मालिक भी मौके पर पहुंच गया। दमकल कर्मियों ने जोखिम उठाते हुए फैक्ट्री से सात घरेलू गैस सिलेंडर बाहर निकाले, जिससे बड़ा विस्फोट होने से टल गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। मौके पर पहुंची वीकेआई थाना पुलिस ने फैक्ट्री में आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी।