Rajasthan : ई-रिक्शा चोरी करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

Update: 2025-03-28 04:41 GMT
Rajasthan राजस्थान: अजमेर की कोतवाली थाना पुलिस ने क्रिश्चियनगंज थाने के हिस्ट्रीशीटर को ई-रिक्शा चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के अंदर ही आरोपी को पकड़ लिया। साथ ही उसके कब्जे से चोरी की गई ई-रिक्शा भी बरामद कर ली है।
कोतवाली सीआई दिनेश कुमार चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंचशील नगर, सेंट स्टीफन स्कूल के पास रहने वाले सद्दाम (29) पुत्र गोमा चीता के रूप में हुई है। चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी। एएसआई मनीराम के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल व उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इन फुटेज में आरोपी की पहचान हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में सद्दाम ने जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर ई-रिक्शा बरामद कर लिया गया।
सीआई दिनेश कुमार चौधरी ने बताया कि इस मामले में परिवादी भगवानगंज पुरानी चौकी के सामने रामगंज निवासी राजपाल पुत्र राजकमल ने 25 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह ई-रिक्शा चालक है और 18 मार्च को सुबह 11 बजे उसने अपना ई-रिक्शा नगर निगम के सामने खड़ा किया था। दो घंटे बाद जब वह लौटा तो उसका ई-रिक्शा गायब था। काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद उसने पुलिस में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सद्दाम स्मैक का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए चोरी करता था। वह अजमेर के क्रिश्चियनगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ चोरी, सेंधमारी, लूट का प्रयास, मारपीट समेत करीब 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं। ये मामले क्रिश्चियनगंज, आदर्श नगर, रामगंज, गेगल, सेंदड़ा समेत विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
Tags:    

Similar News