Rajasthan राजस्थान: कोटा में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद Rahul Gandhi ने देश की शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक बैठक नहीं, बल्कि युवाओं और उनकी रोजमर्रा की चुनौतियों पर केंद्रित चर्चा है। राहुल गांधी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “मैं यहां आकर और आपके सामने खड़े होकर बहुत खुश और सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह शाम आपके बारे में है और उन चुनौतियों के बारे में है जिनका आप हर दिन सामना करते हैं।”
उन्होंने अपनी भारत यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ समय पहले वह कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल यात्रा पर गए थे, जहां उनकी मुलाकात लाखों युवाओं से हुई। राहुल गांधी ने बताया कि जब भी वह युवाओं से पूछते थे कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं, तो उन्हें अधिकतर पांच ही जवाब मिलते थे—इंजीनियर, डॉक्टर, वकील, आईएएस और फौजी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि इससे उनके मन में एक सवाल पैदा हुआ कि देश के युवा ही देश का भविष्य हैं, फिर हमारी शिक्षा प्रणाली उन्हें केवल सीमित करियर विकल्प ही क्यों दिखाती है। उन्होंने संकेत दिया कि शिक्षा व्यवस्था में ऐसे बदलावों की जरूरत है, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा और रुचि के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें। राहुल गांधी ने युवाओं को नए विचारों के साथ आगे बढ़ने और पारंपरिक करियर विकल्पों से परे सोचने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया और अपने सवाल भी रखे।