Madhopur: जनकल्याण सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने पर समीक्षा बैठक में हुई चर्चा
Madhopur माधोपुर: जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मूलभूत सुविधाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें जल जीवन मिशन, संपर्क पोर्टल, जनसुनवाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक सुरक्षा जैसे अहम विषयों पर विभागवार गहन समीक्षा की गई।
कलक्टर ने आवश्यक सेवाओं, आपदा, चिकित्सा, पेयजल, विद्युत से संबंधित कन्ट्रोल रूम पर प्राप्त होने वाली शिकायतों की विभागाध्यक्ष द्वारा नियमित मॉनिटरिंग करने एवं संतुष्टिपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए। उन्होंने जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए पेयजल से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान करने और आमजन को शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, डब्ल्यूआरडी एवं पंचायतीराज के बांधों, जल प्रवाह वाली रपटों सहित जलभराव वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने, बेरिकेटिंग करने व सुरक्षा गार्ड तैनात करने के निर्देश दिए गए। कृषि क्षेत्र में अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों की क्षति, उर्वरक की उपलब्धता एवं फसल बीमा योजना की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित विभाग को शीघ्र सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
संपर्क पोर्टल, सीएम जनसुनवाई और आयोगों से प्राप्त शिकायतों के प्रभावी व समयबद्ध निस्तारण को लेकर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को परिवादी से संवाद, क्षेत्र निरीक्षण व फोटोयुक्त कार्य रिपोर्ट अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। शहरी स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु नगर परिषद आयुक्त को प्रतिदिन प्रातःकालीन सफाई कार्यों का निरीक्षण करने, सब्जी मंडी के पास स्थित अस्थायी डंपिंग स्थल को अन्यत्र स्थानांतरित करने तथा भैरू दरवाजा क्षेत्र में कचरा बिंदु को वार्डवार ग्रेडिंग के आधार पर सुधारने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ग्राम पंचायतों में जलभराव की स्थिति की समीक्षा करते हुए भविष्य के लिए पंचायतवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। सांसद एवं विधायक कोष से स्वीकृत लंबित कार्यों को शीघ्र धरातल पर लाने, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान को प्रभावी करने तथा बजट घोषणाओं के भूमि आवंटन से जुड़े विषयों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
कलेक्टर ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को लाभांवित करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं पालनहार योजना का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने तथा टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत टीबी रोगियों की स्क्रीनिंग बढ़ाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने, डायरिया व अन्य मौसमी बीमारियों की नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रभावित क्षेत्रों में पीएचईडी द्वारा पेयजल के नमूने लेकर जांच करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता बीएल मीणा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, पीएमओ डॉ. तेजराम मीना, नगर परिषद आयुक्त नरसी मीना, जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।