Madhopur माधोपुर: शहरी सेवा शिविरों के सफल संचालन के संबंध में बुधवार को जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। कलक्टर ने विभिन्न नागरिक सेवाओं से जुड़े विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके प्रतिनिधि सेवा शिविरों में आवश्यक रूप से उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारी भी सेवा शिविरों में नियमित रूप से जाएं और आम लोगों को मिल रही सुविधाओं अथवा असुविधाओं का निरीक्षण कर अपने
अधीनस्थ कार्मिकों के संबंध में रिपोर्ट तैयार करें।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सेवा शिविरों की 17 सितम्बर से हुई शुरूआत से पहले जिले के शहरी निकायों को पट्टे के लिए जो ऑफलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे, उन सभी की प्रोसेसिंग ऑनलाइन करवाकर पट्टा जारी कराने की प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि तभी ऐसे आवेदकों को अभियान के तहत मिल रही फीस आदि में छूट का लाभ दिया जा सकेगा। पुराने आवेदनों को ऑनलाइन अपलोड करने में देरी या लापरवाही पर संबंधित कार्मिक के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने संबंधित एसडीएम से कहा कि खण्डार, वजीरपुर आदि नवगठित शहरी निकायों में संबंधित ग्राम पंचायतों से भू-राजस्व रिकॉर्ड हस्तांतरित करने की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जाए।
लोगों को स्वीकृतियों के आवेदन के लिए प्रोत्साहित करें :- काना राम ने कहा कि सेवा शिविरों में सभी शहरी क्षेत्रों में भवन निर्माण की अनुमति, निर्मित भवन के नक्शे और भू-खण्ड के नाम हस्तांतरण आदि से संबंधित अधिक से अधिक आवेदनों का निस्तारण कर अनुमोदन जारी किए जाए। उन्होंने कहा कि शिविरों के दौरान नगरीय निकायों की ओर से आम लोगों को मिलने वाली विभिन्न स्वीकृतियों और अनुमोदन आदि के लिए अधिकाधिक आवेदन प्राप्त करने के प्रयास किए जाएं। इसके लिए विभिन्न माध्यमों से नागरिकों तक यह जानकारी पहुंचाई जाए कि राज्य सरकार ने स्वीकृतियां और अनुमोदन जारी करने के लिए ही सेवा शिविर लगाए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश, दीपावली से पहले गलियों-सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई हो :- जिला कलक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के सभी शहरी क्षेत्रों मे दीपावली से पूर्व ही सीवरेज तथा नालियों आदि की मरम्मत एवं साफ-सफाई, गलियों और सड़कों पर टूट-फूट सुधार, पैचवर्क और रोड एवं स्ट्रीट लाइट को ठीक करने का कार्य पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार के इस आदेश को लागू करते हुए त्यौहार के मौके पर हमें जिले के सभी शहरी क्षेत्रों को साफ-सुथरा और स्वच्छ कर करना है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान के तहत शहरी क्षेत्रों में अवैध कचरा संग्रहण स्थलों की सूचियां तैयार कर वहां आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निकायों के अधिशाषी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उनके क्षेत्र में सीवरेज लाइन ओवरफ्लो नहीं हो। उन्होंने बिजली विभाग से ढीले तारों के प्रबंधन तथा जलदाय विभाग से पेयजल आपूर्ति की लाइन के सीवरेज लाइन में घुसने के प्रकरणों का समुचित सर्वे करवाकर उन्हें हटाने की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने शहरी विकास कर के संग्रहण के बकाया प्रकरणों के निस्तारण के लिए भी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस क्रम में बड़े बकायादारों को चिन्हित कर उन्हें नोटिस देकर नियमानुसार कार्यवाही शुरू की जाए। साथ ही, शहरी क्षेत्रों के घरों में उपयोग में नहीं आने वाले वस्त्रों और अन्य सामानों का उचित तरीके से संग्रहण करवाकर उन्हें सद्भावना केन्द्रों पर पहुंचाए जाएं। उन्होंने कहा कि गरीब जरूरतमंद लोग इन केन्द्रों से अपने लिए आवश्यक सामान प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रो ंमें बेसहारा एवं आवारा पशुओं के प्रबंधन के लिए सभी एसडीएम पशुपालन तथा गोपालन विभागों और स्थानीय निकाय अधिकारियों एवं गौशाला प्रबंधक से समन्वय कर कार्ययोजना तैयार करें। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना अन्तर्गत बैंकों में लंबित ऋण प्रकरणों के तत्काल निस्तारण के निर्देश एलडीएम को दिए।
बैठक में एसडीएम गौरव मिŸाल, नगर परिषद आयुक्त देवेन्द्र जिन्दल, अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग बी.एल. मीना, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी भगवान सहाय मीना, जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
Tags: