Khatu Shyam Temple: खाटू श्याम मंदिर में बाबा के दर्शन की टाइमिंग में बदलाव
Khatu Shyam Temple: खाटू श्याम मंदिर राजस्थान के सीकर जिले में स्थित एक प्रसिद्ध तीर्थ स्थल माना जाता है, जो बाबा खाटू श्याम को समर्पित है। बाबा खाटू श्याम को बर्बरीक के नाम से भी जाना जाता है, जिन्होंने महाभारत काल में अपना शीश भगवान कृष्ण को समर्पित किया था। यहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त बाबा के दर्शन के लिए आते हैं। अगर आप भी खाटू श्याम बाबा के दर्शन के लिए सीकर जा रहे हैं, तो जाने से पहले समय सारिणी अवश्य देख लें, क्योंकि बाबा के दर्शन के समय में बड़ा बदलाव किया गया है।
खाटू श्याम बाबा के दर्शन समय में परिवर्तन:
श्री श्याम मंदिर समिति ने बाबा के दर्शन के समय में परिवर्तन करते हुए निर्णय लिया है कि विश्व प्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर के कपाट अब प्रत्येक शनिवार रात 10 बजे बंद कर दिए जाएँगे। श्री श्याम मंदिर समिति के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि श्री श्याम मंदिर में प्रचलित प्राचीन परंपरा और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए श्याम बाबा के कपाट प्रत्येक शनिवार रात 10 बजे से रविवार सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे।
कई वर्षों से खाटू श्याम मंदिर हर शनिवार को 24 घंटे खुला रहता था, जिसके कारण देश भर से श्रद्धालु बिना किसी समय सीमा के दर्शन के लिए आते थे। लेकिन अब से हर शनिवार रात 10 बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएँगे, ताकि मंदिर में कार्यरत सेवादारों और कर्मचारियों को आराम मिल सके। फिर अगले दिन रविवार को सुबह 5 बजे मंदिर के कपाट दर्शन के लिए खोल दिए जाएँगे।
वहीं, कुछ महीने पहले श्री श्याम मंदिर समिति ने एक निर्णय लेकर एक पत्र जारी किया था जिसमें शुक्ल पक्ष की शनिवार, रविवार, एकादशी और द्वादशी को छोड़कर सभी दिनों में दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक मंदिर के कपाट बंद रखने का निर्देश दिया गया था। ऐसे में अगर आप शनिवार को खाटू श्याम मंदिर जाने की सोच रहे हैं, तो दर्शन के नए समय का विशेष ध्यान रखें।
कब से किस समय तक खाटू श्याम जी के दर्शन उपलब्ध हैं?
खाटू श्याम मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे मंगला आरती के बाद सुबह 5 बजे खुलते हैं। फिर रात 10 बजे तक भक्तों के लिए कपाट खुले रहते हैं। गर्मियों में दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक मंदिर बंद रहता है, क्योंकि इस दौरान बाबा विश्राम करते हैं। एकादशी के दिन मंदिर 24 घंटे खुला रहता है।
खाटू श्याम जी के दर्शन के नियम क्या हैं?
खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के कुछ नियम हैं, जिनका पालन करना आवश्यक माना जाता है। अगर आप खाटू श्याम जी के दर्शन करने जा रहे हैं, तो मंदिर में प्रवेश करते समय उचित पोशाक का ध्यान रखें, मंदिर के अंदर फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी न करें और मंदिर परिसर में शांति बनाए रखें।