Jhalawar: आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई आयोजित

Update: 2025-09-01 10:20 GMT
Jhalawar झालावाड़ । आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में बारिश को दौर दुबारा शुरू हो गया है। सभी अधिकारी अपने विभाग से संबंधित राजकीय कार्यालयों, विद्यालयों, आँगनबाड़ी केन्द्रों व चिकित्सा संस्थानों के भवनों की स्थिति का पुनः जायजा लें। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि भारी बारिश के कारण कोई भी राजकीय भवन के गिरने की घटना ना हो ये सुनिश्चित करें।
जिला कलक्टर ने कहा कि जिस भी राजकीय भवन को जर्जर घोषित किया जा चुका है उसे तुरंत ध्वस्त कराने की कार्रवाई अमल में लाई जाए। साथ ही जहां मरम्मत कराने की आवश्यकता हो वहां बिना किसी देरी के मरम्मत कार्य करवाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सिटी डिस्पेंसरी का भवन जर्जर हालत में होने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के लिए भवन चिह्नित करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक को निर्देश दिए कि जिन भी आंगनबाड़ी केन्द्रों के भवन जर्जर स्थिति में हैं वहाँ बच्चों को ना बिठायें और अन्य वैकल्पिक व्यवस्था करें। साथ ही नए भवनों हेतु प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भिजवाने के भी निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने जिले की समस्त सड़कों व पुलियाओं की स्थिति का भी निरीक्षण करने के निर्देश पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता को दिए। साथ ही जिनकी मरम्मत की आवश्यकता है उसके प्रस्ताव बनाकर भिजवाएं और शीघ्र कार्य प्रारम्भ करें।
इसके अतिरिक्त जिले में पानी, बिजली आपूर्ति सहित चिकित्सा, शिक्षा, रसद एवं अन्य विभागों से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को नियमित रूप से निर्धारित समय अवधि में निस्तारण करने के भी निर्देश सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को दिए।
झालावाड़ शहर में सड़कों पर विचरण कर रहे बेसहारा पशुओं को पकड़ने तथा गोशालाओं में भिजवाने हेतु नियमित रूप से अभियान चलाने के निर्देश पशुपालन विभाग एवं नगर परिषद् के अधिकारी को दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, जिला परिषद के सीईओ शंभुदयाल मीणा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अभिषेक चारण सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Tags:    

Similar News