18 नवंबर को जयपुर का अनोखा बर्थडे सेलिब्रेशन, 100 से ज्यादा धावक लगाएंगे दौड़
299 साल के जयपुर को अनोखा तोहफा, सुशील कुलहरी दौड़ेंगे 42 किलोमीटर
जयपुर: जयपुर की ऐतिहासिक विरासत और फिटनेस को एक साथ जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली इस बर्थडे रन में शहरवासियों को अपनी सुविधानुसार शामिल होने का अवसर मिलेगा। कोई 3 किलोमीटर दौड़ेगा तो कोई 5 या 10 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। अपनी क्षमता और रुचि के अनुसार धावक इससे अधिक दूरी भी तय कर सकेंगे।
आयोजन की थीम 'ज्वाइन एनीवेयर, रन एनी डिस्टेंस, सेलिब्रेट टुगेदर' रखी गई है। इसका मकसद शहर के अधिक से अधिक लोगों को जयपुर के स्थापना दिवस से जोड़ना है।
2020 से निभा रहे हैं जयपुर को मैराथन का तोहफा देने की परंपरा
इस आयोजन की खास बात यह है कि वर्ष 2020 से इनकम टैक्स के एडिशनल कमिश्नर सुशील कुलहरी हर साल 18 नवंबर को जयपुर के स्थापना दिवस पर शहर के नाम फुल मैराथन दौड़ते आ रहे हैं। इस बार भी वह 42.195 किलोमीटर की दूरी पूरी करेंगे।
सुशील कुलहरी की यह दौड़ शहर के सात प्रमुख पड़ावों से होकर गुजरेगी। आयोजन को केवल एक व्यक्ति की मैराथन तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे पूरे शहर के सामूहिक उत्सव का रूप दिया गया है। इसके तहत अलग-अलग स्थानों से धावक अपनी सुविधा के अनुसार जुड़ सकेंगे।
रात 2:40 बजे शुरू होगी दौड़, सात पड़ावों से गुजरेगा सफर
18 नवंबर को सुबह 2:40 बजे हनुमान नगर एक्सटेंशन स्थित भोमिया जी पार्क के नॉर्थ-ईस्ट कॉर्नर से दौड़ की शुरुआत होगी। इसके बाद धावक जयपुर के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों से गुजरेंगे।
दौड़ का निर्धारित कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:
समय निर्धारित पड़ाव
सुबह 2:40 बजे भोमिया जी पार्क, हनुमान नगर एक्सटेंशन
सुबह 4:00 बजे श्री गोविंद देवजी मंदिर
सुबह 4:40 बजे मोती डूंगरी गणेशजी मंदिर
सुबह 5:30 बजे पत्रिका गेट
सुबह 6:30 बजे अल्बर्ट हॉल का बैक गेट
सुबह 7:30 बजे पत्रिका गेट
सुबह 8:00 बजे वर्ल्ड ट्रेड पार्क
इन निर्धारित पड़ावों पर अन्य धावक भी अपनी सुविधा के अनुसार दौड़ में शामिल हो सकेंगे। इस तरह शहर के अलग-अलग हिस्सों के लोग एक ही आयोजन से जुड़कर जयपुर का जन्मदिन मना सकेंगे।
वर्ल्ड ट्रेड पार्क में कटेगा केक, सामूहिक जश्न की तैयारी
सुबह 8 बजे वर्ल्ड ट्रेड पार्क में दौड़ का समापन होगा। इसके बाद केक कटिंग और सामूहिक जन्मदिन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, धावकों, रनिंग कम्युनिटी, परिवारों और शहरवासियों को आमंत्रित किया गया है।
जयपुर मैराथन के सीईओ एवं जयपुर रनर्स क्लब के सह-संस्थापक मुकेश मिश्रा ने कहा कि जयपुर का जन्मदिन प्रत्येक शहरवासी के लिए गर्व और उत्सव का अवसर है। उनका प्रयास है कि इस दिन हर जयपुरवासी किसी न किसी रूप में इस आयोजन का हिस्सा बने।
उन्होंने कहा कि कोई कुछ किलोमीटर दौड़ सकता है, कोई साइकिल चला सकता है या परिवार के साथ वर्ल्ड ट्रेड पार्क पहुंचकर शहर का जन्मदिन मना सकता है। उनका सपना है कि जयपुर के 300वें वर्ष का उत्सव पूरे शहर की भागीदारी के साथ यादगार बने।
300वें स्थापना वर्ष में होंगे 300 आयोजन
इस बार की बर्थडे रन के साथ जयपुर मैराथन और जयपुर रनर्स क्लब ने शहर के 300वें स्थापना वर्ष के लिए भी व्यापक योजना तैयार की है। इसके तहत 'जयपुर 300 – 300 आयोजन, 300 साल एक जयपुर' अभियान की परिकल्पना की गई है।
इस अभियान के अंतर्गत 18 नवंबर 2026 से 18 नवंबर 2027 तक शहर में 300 अलग-अलग गतिविधियां आयोजित करने की योजना है। इनमें दौड़, फिटनेस कार्यक्रम, विरासत भ्रमण, साइक्लिंग, स्कूल-कॉलेज आयोजन, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, योग, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियां शामिल होंगी।
वर्ष 2027 में जयपुर के 300 वर्ष पूरे होने पर एयू जयपुर मैराथन की ओर से विशेष भव्य जनभागीदारी आधारित दौड़ समारोह आयोजित करने की भी योजना है।
इस तरह जयपुर का 299वां स्थापना दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं होगा, बल्कि 300वें स्थापना वर्ष के बड़े आयोजन की शुरुआत भी बनेगा।