YouTuber से अश्लील हरकत करने वाला ऑटो ड्राइवर गिरफ्तार, बोला- शर्मिंदा हूं
वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया.
उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर में घूमने आई थाईलैंड की एक यूट्यूबर के साथ उसके ऑटो चालक द्वारा किए गए आपत्तिजनक व्यवहार का मामला सामने आया है। नगर निगम के मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग कर रही विदेशी युवती ने आरोपी की हरकत को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी ऑटो ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, थाईलैंड की रहने वाली युवती इन दिनों भारत भ्रमण पर है। उदयपुर घूमने के दौरान उसने शहर में आने-जाने के लिए आफताब उर्फ गबरू नाम के ऑटो ड्राइवर का ऑटो किराए पर लिया था। आरोपी ने दो दिनों तक युवती को शहर की अलग-अलग जगहों पर घुमाया।
13 नवंबर को युवती टाउन हॉल स्थित नगर निगम के मेले में पहुंची थी। यहां वह मोबाइल से सांस्कृतिक कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग और लाइव स्ट्रीमिंग कर रही थी। इसी दौरान ऑटो ड्राइवर उसके पास पहुंचा और बार-बार 'लिप किस प्लीज' कहने लगा। आरोपी की इस हरकत से युवती असहज हो गई। उसने पूरी घटना अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली।
इसके बाद 14 नवंबर को युवती ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर घटना का वीडियो पोस्ट किया। युवती के इंस्टाग्राम पर करीब 70 हजार फॉलोअर्स हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मामला चर्चा में आ गया। पुलिस ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
सूरजपोल थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह के अनुसार, आरोपी की पहचान आफताब उर्फ गबरू पुत्र अबरार खान, निवासी सेक्टर-11, महाराज का अखाड़ा के रूप में हुई है। आरोपी ऑटो चालक है। पुलिस ने अश्लीलता के मामले में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
वहीं, अब आरोपी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कह रहा है कि वह अपनी गलती पर बेहद शर्मिंदा है। उसका कहना है कि बाहर से आए मेहमानों और महिलाओं का सम्मान करना चाहिए और भविष्य में वह ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगा।