25 साल की उम्र में अंग्रेजों से लिया था लोहा, रेलवे कार्यालय में याद किए गए बिरसा मुंडा
धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती पर रेलवे में विशेष आयोजन, अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
जयपुर: उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अपर महाप्रबंधक आलोक मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रहित में किए गए योगदान को याद किया।
25 वर्ष की उम्र में अंग्रेजी शासन के खिलाफ छेड़ा संघर्ष
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर महाप्रबंधक आलोक मिश्रा ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने बेहद कम उम्र में ऐसा संघर्ष किया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया।
उन्होंने कहा कि मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में बिरसा मुंडा ने विषम परिस्थितियों के बावजूद लोगों को संगठित किया और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने सामाजिक चुनौतियों से ऊपर उठकर देश की स्वतंत्रता और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की।
आलोक मिश्रा ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष और सामाजिक जागरूकता का प्रतीक है। उनका योगदान भारतीय इतिहास में सदैव याद किया जाता रहेगा।
महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने की जरूरत
अपर महाप्रबंधक ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल उन्हें याद करना नहीं है, बल्कि उनके त्याग, बलिदान और उत्कृष्ट कार्यों से प्रेरणा लेना भी है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से उनके आदर्शों और विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का अवसर मिलता है। इससे परिवार और समाज को भी सकारात्मक दिशा देने की प्रेरणा मिलती है।
रेलवे संगठनों के पदाधिकारियों ने साझा किए विचार
कार्यक्रम में ऑल इंडिया रेलवे एससी/एसटी एसोसिएशन के पदाधिकारी बीएल बैरवा और टीकाराम मीना ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं उनके संघर्ष पर अपने विचार रखे।
इसके अलावा उत्तर पश्चिम रेलवे एम्पलाईज यूनियन के पदाधिकारी राजीव सारण तथा उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ के पदाधिकारी महेश कुमार शर्मा ने भी उनके राष्ट्रहित में किए गए योगदान को याद किया।
पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस आयोजन के माध्यम से उनके संघर्ष, त्याग, बलिदान और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए प्रयासों को याद किया गया। साथ ही उनके विचारों और आदर्शों को समाज में आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।