Jaipur: राजस्थान में अगले सात दिन गर्मी का प्रकोप, धूलभरी हवाओं की संभावना

राजस्थान में हीटवेव का कहर, कई जिलों में अलर्ट जारी

Update: 2026-05-21 05:44 GMT

जयपुर: राजस्थान में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने और पश्चिमी राजस्थान सहित कई हिस्सों में हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अगले दो से तीन दिनों तक तेज धूलभरी हवाएं भी चल सकती हैं।

बुधवार को प्रदेश के सात शहरों का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जबकि आठ शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बीकानेर की रात सबसे गर्म रही और यहां न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर के अलावा पिलानी, अलवर, कोटा, चित्तौड़गढ़, फलौदी और चूरू में भी दिन का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। वहीं बीकानेर, जयपुर, अलवर, कोटा, चित्तौड़गढ़, जोधपुर, डूंगरपुर और लूणकरणसर में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा तथा पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में हीटवेव और ऊष्ण रात्रि की स्थिति बनी रह सकती है। उन्होंने बताया कि राज्य के पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी भागों में आगामी दो से तीन दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूलभरी सतही हवाएं चलने की प्रबल संभावना है। बुधवार को प्रदेश का मौसम शुष्क रहा और कई स्थानों पर हीटवेव दर्ज की गई। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस सिरोही में दर्ज किया गया।

राजधानी जयपुर में तापमान में मामूली गिरावट के बावजूद गर्मी का असर बरकरार रहा। दोपहर के समय सड़कों पर यातायात कम दिखाई दिया। आमजन को राहत देने के लिए नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न हिस्सों में पानी का छिड़काव किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर के अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि मौसम शुष्क रहने से आगामी दिनों में तापमान फिर बढ़ने की संभावना जताई गई है।

Tags:    

Similar News