Jaipur : MGPS स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, 3500 छात्रों को सुरक्षित निकाला गया

Update: 2025-07-22 07:10 GMT
Jaipur जयपुर: राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर स्थित माहेश्वरी गर्ल्स पब्लिक स्कूल (MGPS) में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब स्कूल की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल आया। मेल में दावा किया गया था कि स्कूल को बम से उड़ाने की साजिश रची गई है।
सोमवार सुबह 9:15 बजे मेल सामने आने के बाद विद्याधर नगर पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड तुरंत मौके पर पहुँचे। लगभग 3500 छात्रों और शिक्षण कर्मचारियों को बाहर निकाला गया और स्कूल भवन को खाली कराकर तलाशी शुरू की गई।
स्कूल के हर कक्षा, पुस्तकालय, स्टोर रूम, पार्किंग और खेल के मैदान की गहन तलाशी ली गई। समाचार लिखे जाने तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। शुरुआती जाँच में पता चला है कि मेल किसी फर्जी आईडी से भेजा गया था। साइबर सेल, एसओजी और स्थानीय पुलिस मिलकर मेल की लोकेशन और आईपी का पता लगा रही है।
थाना प्रभारी राकेश ख्याली ने कहा, "हालांकि यह किसी शरारती तत्व की हरकत हो सकती है, लेकिन बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।" स्कूल प्रबंधन ने बच्चों की छुट्टी घोषित कर दी है और उन्हें उनके परिजनों के ज़रिए घर भेज दिया है। जाँच पूरी होने तक स्कूल बंद रहेगा।जयपुर के अन्य बड़े स्कूलों को भी पहले ऐसी ही धमकियाँ मिल चुकी हैं, जो बाद में फर्जी निकलीं। इसके बावजूद, प्रशासन को हर बार पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आना पड़ता है। फ़िलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन जाँच जारी है।
Tags:    

Similar News