Jaipur: विमान हादसे में मृतक जयप्रकाश के परिजनों से मुख्यमंत्री ने की बातचीत, जताया दुख
Jaipur जयपुर । मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने अहमदाबाद विमान हादसे में जान गंवाने वाले धोरीमन्ना के बोर चारणान निवासी स्व. जयप्रकाश के परिजनों से शुक्रवार को दूरभाष पर बात कर संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर बाड़मेर जिला कलक्टर श्रीमती टीना डाबी और पुलिस अधीक्षक श्री नरेन्द्र सिंह मीना ने स्व. जयप्रकाश के घर जाकर संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक ने परिजनों की मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा से दूरभाष पर बात करवाई। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने हादसे में दिवंगत के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार परिजनों के साथ है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. जयप्रकाश पुत्र श्री धर्माराम जाट निवासी बोर चारणान अहमदाबाद में रहकर एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे जिनका 12 जून को अहमदाबाद विमान हादसे में निधन हो गया था।
इस दौरान उपखंड अधिकारी श्री भागीरथ विश्नोई, समाजसेवी श्री अनंतराम विश्नोई, श्री भंवार सुजाराम खींचड़, श्री भागीरथ कड़वासरा, श्री पी.सी. पूनिया, श्री ओम प्रकाश मांजू ने भी सांत्वना प्रदान की।