Jaipur: सीनियर रेजिडेंट के 298 पदों से स्वास्थ्य सेवा में बढ़ेगा बल

Update: 2026-01-23 17:09 GMT

जयपुर: राजस्थान के 10 मेडिकल कॉलेजों में सीनियर रेजिडेंट के 298 नए पदों के सृजन को वित्त विभाग ने मंजूरी प्रदान की है। चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद इन पदों का सृजन किया गया है।

चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि नए पदों के सृजन से चिकित्सा महाविद्यालयों से संबद्ध अस्पतालों में चिकित्सकीय स्टाफ की संख्या बढ़ेगी। इससे ऑपरेशन, इमरजेंसी सेवाओं और विशेषज्ञ उपचार से जुड़े विभागों में अतिरिक्त सीनियर रेजिडेंट्स की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।

चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि इन पदों का सृजन नीट पीजी एवं सुपर स्पेशियलिटी बैच-2022 में प्रवेशित छात्रों को बॉण्ड के तहत दो वर्षीय सीनियर रेजिडेंसी (एसआरशिप) प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने बताया कि नीट पीजी बैच-2022 के छात्रों के लिए बॉण्ड के अंतर्गत दो वर्ष की सीनियर रेजिडेंसी अनिवार्य है। नए पदों के सृजन से अधिक छात्रों को सीनियर रेजिडेंसी का अवसर मिलेगा, जिससे वे संबंधित विभागों में कार्य कर सकेंगे। इससे चिकित्सा महाविद्यालयों से जुड़े अस्पतालों में सेवाएं सुदृढ़ होंगी। मेडिकल कॉलेज जयपुर में 82, जोधपुर में 78, बीकानेर में 27, कोटा में 23, अजमेर में 7, उदयपुर में 58, झालावाड़ में 11, भरतपुर में 4, पाली में 6 तथा डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज में 2 सीनियर रेजिडेंट पदों का सृजन किया गया है। ये पद विभिन्न चिकित्सा विभागों में वितरित किए जाएंगे।

Tags:    

Similar News