Bhilwara। सीए दिनेश आगाल को इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की सीपी एवं जीएफएम समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन से अकाउंटेंसी और वित्तीय प्रबंधन क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों में हर्ष का माहौल है। सीए दिनेश आगाल लंबे समय से चार्टर्ड अकाउंटेंसी क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं तथा आईसीएआई के पूर्व अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कई महत्वपूर्ण निर्णयों और सुधारात्मक कार्यों में योगदान दिया है। उनके व्यापक अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति में मनोनयन के बाद विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं पेशेवर संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में समिति वित्तीय प्रबंधन और पेशेवर विकास से जुड़े नए आयाम स्थापित करेगी।

सीए आगाल ने इस अवसर पर कहा कि वे संस्था के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा युवा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करते रहेंगे। भीलवाड़ा शाखा के अध्यक्ष सीए दिनेश सुथार एवं सचिव पुलकित राठी ने बताया की लोक एवं सरकारी वित्तीय प्रबंधन समिति आईसीएआई की एक प्रमुख समिति है, जो सार्वजनिक एवं सरकारी वित्तीय प्रबंधन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाने के उद्देश्य से कार्य करती है। यह समिति सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन में सर्वाेत्तम प्रथाओं को बढ़ावा देने के साथ-साथ नीति निर्माण एवं वित्तीय प्रशासन को सुदृढ़ करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आगाल की इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर आईसीएआई भीलवाड़ा शाखा एवं संपूर्ण भीलवाड़ा सीए समुदाय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Tags: