संगम समूह के हरित अभियान की उप वन संरक्षक मरिय शाइन ए ने की सराहना

Update: 2026-07-30 14:54 GMT

 भीलवाड़ा  । संगम उद्योग समूह द्वारा संचालित एक लाख पौधों एवं पांच हजार ट्री गार्ड वितरण अभियान के चौथे दिन उप वन संरक्षक मरिय शाइन ए ने मुख्य अतिथि के रूप में आमजन को पौधे एवं ट्री गार्ड वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने संगम समूह के भीलवाड़ा को हराभरा बनाने के अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया। उप वन संरक्षक मरिय शाइन ए ने उपस्थित लोगों को पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल एवं सुरक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वस्थ पर्यावरण ही आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। पौधा वितरण प्रभारी बाबूलाल जाजू ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति पौधे की देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखे। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया। संगम उद्योग समूह के वाइस चेयरमैन एस. एन. मोदानी ने बताया कि अभियान के चौथे दिन आमजन, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों के लिए 7,880 पौधों तथा 485 ट्री गार्ड का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि आमजन के लिए प्रतिदिन प्रातः 8 से 10 बजे तक तथा विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों के लिए सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक पौधों का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि ट्री गार्ड प्राप्त करने के लिए आवेदन पत्र प्रतिदिन प्रातः 8 बजे सोनी हॉस्पिटल परिसर में हिम्मत पारीक एवं मुकेश अजमेरा से प्राप्त किए जा सकते हैं। अभियान के दौरान वन विभाग के प्रशांत भट्ट भी उपस्थित रहे। मोदानी ने बताया कि पौधा वितरण अभियान का प्रथम चरण 2 अगस्त को संपन्न होगा और अधिकाधिक नागरिकों से इस जनभागीदारी अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।

Tags:    

Similar News