रणथंभौर में पर्यटकों को फिर से पुरानी बुकिंग विंडो से जारी होंगे बोर्डिंग पास

Update: 2023-10-05 17:29 GMT
सवाई माधोपुर। सवाईमाधोपुर रणथम्भौर में जल्द ही आवासन मण्डल रोड स्थित पुरानी बुकिंग विंडो पर वन विभाग की ओर से एक बार फिर से बोर्डिंग पास जारी करने की तैयारी की जा रही है। इससे वहां पर्यटकों की चहल-पहल रहेगी।। वनाधिकारियों ने बताया कि दस से पन्द्रह दिनों के भीतर यह व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। वन विभाग की ओर से पुरानी बुकिंग विंडो का रंगरोगन व मरम्मत का कार्य करवाया जा रहा है। काम पूरा होने के बाद वहां से बोर्डिंग पास जारी करना शुरू कर दिया जाएगा। आवासन मण्डल मार्ग स्थित बुकिंग विंडो को शुरू करने के बाद भी शिल्पग्राम में स्थित बुकिंग विंडो को बंद नहीं किया जाएगा। वहां भी पूर्व की भांति बोर्डिंग पास जारी करने का काम जारी रहेगा। वनाधिकारियों की माने तो विभाग की ओर से आवासन मण्डल मार्ग से बुकिंग विंडो को फिर से शुरू करने का उद्देश्य से पर्यटकों को बुकिंग का एक और विकल्प उपलब्ध कराना है।
2016 में वन विभाग की ओर से आवासन मण्डल मार्ग से बुकिंग विंडो को शिल्पग्राम स्थानान्तरित कर दिया था। ऐसे में पर्यटकों को बोर्डिंग पास जारी कराने के लिए रेलवे स्टेशन से करीब छह किलोमीटर दूर शिल्पग्राम जाना पड़ता था। इस मार्ग पर बस व अन्य साधनों का संचालन नहीं होने के कारण पर्यटकों को ऑटो करके ही बुकिंग विंडो तक जाना पड़ता था। ऐसे मेें पर्यटकों पर आर्थिक भार पड़ रहा था। साथ ही जोन छह से दस में भ्रमण पर जाने वाले पर्यटकों को बुकिंग विंडो से जोन छह से दस की ओर जाने में काफी समय लगता था। ऐसे में कई बार तो पर्यटकों का सफारी का काफी समय जोन तक पहुंचने में ही लग जाता था। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों ने बताया कि आवासन मण्डल मार्ग स्थित पुरानी बुकिंग विंडो से एक बार फिर से बोर्डिंग पास जारी होने से पर्यटकों को शिल्पग्राम तक चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। साथ ही रेलमार्ग से रणथम्भौर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को बोर्डिंग पास के लिए महज दो किलोमीटर दूर स्थित विंडो तक ही जाना पड़ेगा।
Tags:    

Similar News