Barwara बरवाड़ा: जिला कलक्टर काना राम ने गुरुवार को चौथ का बरवाड़ा उपखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने उपखंड कार्यालय की स्थापना, लेखा, राजस्व शाखा एवं न्यायालय कक्ष का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की वस्तुस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने उपखंड अधिकारी के राजस्व न्यायालय में लंबित विभाजन, रास्तों तथा 10 वर्षों से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को ऐसे प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि बैंकों से संबंधित रोड़ा प्रकरणों पर विशेष ध्यान देते हुए इन प्रकरणों के समाधान हेतु संबंधित बैंक प्रतिनिधियों के साथ बैठके आयोजित कर प्रकरणों की अद्यतन स्थिति जानी जाए एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
जिला कलक्टर ने राजस्व न्यायालय की नियमित सुनवाई, ई-फाइलिंग प्रणाली का पूर्ण क्रियान्वयन कर न्यूनतम समय में फाइलों का निस्तारण तथा सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निर्धारित समयावधि में निस्तारण के निर्देश भी दिए। उन्होंने उपखंड अधिकारी दामोदर सिंह एवं तहसीलदार नीरज सिंह को निर्देशित किया कि चौथ का बरवाड़ा ब्लॉक के कार्यालयों का नियमित निरीक्षण कर आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
Tags: