Alwar: ज्वैलर की दुकान में 15 लाख रुपये के गहने लेकर बदमाश फरार

Update: 2025-12-19 03:49 GMT
Alwar: शहर के एनईबी थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। 60 फीट रोड पर बुधवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए शटर काटकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकान के भीतर घुसकर लगभग 70 ग्राम सोना और 4 किलो से अधिक चांदी के आभूषण समेट ले गए। गुरुवार सुबह घटना का पता चलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पीड़ित ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पीड़ित ज्वेलर्स बंटी ने बताया कि 60 फीट रोड पर उनकी “कृतिका ज्वेलर्स” नाम से दुकान स्थित है। गुरुवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि दुकान का शटर टूटा हुआ है। यह सुनते ही वे तुरंत दुकान पहुंचे। वहां देखा कि अज्ञात बदमाशों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए पहले शटर को काटा और फिर दुकान में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण चुरा लिए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने एनईबी थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना पर थानाधिकारी दिनेश चंद मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि अज्ञात बदमाशों की पहचान की जा सके। थानाधिकारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और हर एंगल से जांच की जा रही है।
Tags:    

Similar News