Ajmer अजमेर: पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हुई, प्रदर्शनकारियों ने स्टेट हाईवे जाम करने की कोशिश की। पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो लोगों ने पथराव कर दिया। घटना शुक्रवार दोपहर 2 बजे आरणी में हुई। थाना प्रभारी भोपाल सिंह ने बताया कि आकोदिया गांव में 9 वर्षीय खुशीराम की हत्या कर दी गई। हत्या के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर लोग आज सुबह 8 बजे से ही प्रदर्शन कर रहे थे।
ग्रामीणों ने आकोदिया गांव के पास दादिया चौराहे पर जाम लगा दिया। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत शुरू की। लेकिन प्रदर्शनकारी कलेक्टर और एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। दोपहर 2 बजे कुछ युवकों ने किशनगढ़-मालपुरा और अरांई-सरवाड़ स्टेट हाईवे जाम करने की कोशिश की। प्रदर्शनकारी नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ दिया।
एएसपी दीपक कुमार, एडीएम सिटी गजेंद्र सिंह, प्रशिक्षु आईपीएस अजय सिंह, विधायक विकास चौधरी ने ग्रामीणों को जाम हटाने के लिए समझाया। ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं। जिसके बाद एसआईटी गठन, जांच अधिकारी बदलने और हत्या में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी की मांगों पर सहमति बनी। जिसके बाद शाम सात बजे धरना समाप्त हुआ।