जयपुर: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष प्रह्लाद सिंह पालड़ी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों, बिहार से निर्वाचित सांसद राजेश वर्मा और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और केंद्र और राज्य सरकार के निर्णयों को लेकर पार्टी का समर्थन व्यक्त किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष प्रह्लाद सिंह पालड़ी ने कहा कि केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही सरकार और राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार के जनहितकारी निर्णयों का लोक जनशक्ति पार्टी समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि जनता के हित में लिए जाने वाले कल्याणकारी फैसलों और प्रदेश के विकास से जुड़े प्रयासों में पार्टी सकारात्मक भूमिका निभाएगी।

पालड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की ओर से दिए गए आपत्तिजनक बयान का पार्टी पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी के परिवार और दिवंगत परिजन के संबंध में अमर्यादित टिप्पणी करना उचित नहीं है। सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और राजनीतिक शुचिता बनाए रखना सभी दलों की जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में लोक जनशक्ति पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बढ़-चढक़र भाग लेंगे। पार्टी इस मामले में अपना विरोध लोकतांत्रिक तरीके से दर्ज कराएगी।

पालड़ी ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी जनहित, विकास और राजनीतिक मर्यादाओं के पक्ष में खड़ी है। पार्टी केन्द्र और राज्य सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों में सहयोग करते हुए जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी।

Tags: