पत्नी ने प्रेमी संग मिल किया कत्ल, फिर रेलवे लाइन किनारे फेंकी लाश

Update: 2022-07-03 10:55 GMT

न्यूज़: जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने सिर पर पत्थर मारकर हत्या की थी। वहीं उम्र में बड़ा होने के कारण पत्नी मृतक को पसंद नहीं करती थी। शुक्रवार को एडीजीपी रेलवे एमएफ फारूकी ने बताया कि 29 जून को डेराबसी में रेलवे लाइन के नजदीक एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली थी। लाश पर चोट के गहरे निशान थे। इससे साफ हो गया था कि यह कत्ल का मामला है। इसके आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या व लाश को खुर्द-बुर्द करने के आरोप में केस दर्जकर जांच शुरू की गई।डीएसपी रेलवे जगमोहन सिंह के मुताबिक जांच में मृतक की पैंट की जेब से एक पंफलेट मिला। यह पंफलेट एक फैक्टरी का था। इसके आधार पर जांच टीम उस फैक्टरी तक पहुंची। वहां के स्टाफ को मृत व्यक्ति की फोटो दिखाई। वहां के लोगों ने मृतक की पहचान फैक्टरी के फोरमैन सहदेव (49) निवासी चांदपुर जिला बिजनौर (यूपी) एवं वर्तमान निवासी जीपी कांप्लेक्स गांव सैदपुरा (डेराबस्सी) के तौर पर की।

इसके बाद टीम ने केस की जब बारीकी से पड़ताल की तो शक की सुई मृतक की पत्नी ममता देवी (25) पर घूमी।ममता से सख्ती के साथ पूछताछ की तो कबूल किया कि उसने व उसके प्रेमी ने पार्टी के बहाने सहदेव को शराब पिलाई व उसके बाद उसे रेलवे लाइन के नजदीक ले गए। जहां दोनों ने सहदेव के सिर व शरीर पर पत्थर मारकर कत्ल कर दिया। ममता ने बताया कि उसके हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी डेराबस्सी (22) के साथ संबंध हैं। उसका पति सहदेव उनके संबंधों के बारे जान गया था। साथ ही सहदेव उससे उम्र में काफी बड़ा था, इसलिए वह उसको पसंद नहीं करती थी। इस कबूलनामे के बाद पुलिस ने ममता देवी व उसके प्रेमी हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। केस को 24 घंटे के अंदर हल करने पर एडीजीपी रेलवे ने जांच टीम में शामिल डीएसपी पटियाला जगमोहन सिंह, एसएचओ जीआरपी पटियाला जसविंदर सिंह की सराहना की है।

Tags:    

Similar News