Canada अधिकारियों के अनुसार, कनाडा में पंजाबी मूल के एक ट्रक ड्राइवर पर पिछले साल कनाडा-अमेरिका सीमा के पार कोकीन और हेरोइन की 52 ईंटें (पैकेट) तस्करी करने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है। RCMP की जांच के बाद, कनाडा के 47 वर्षीय खुशविंदर गिल पर तस्करी के उद्देश्य से कोकीन और हेरोइन मंगाने और अपने पास रखने का आरोप लगाया गया है।
RCMP के फेडरल पुलिसिंग पैसिफिक रीजन की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 22 अक्टूबर 2025 को कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (CBSA) ने एबॉट्सफोर्ड-हंटिंगडन पोर्ट ऑफ एंट्री पर एक कमर्शियल वाहन को रोका। विज्ञप्ति में बताया गया है कि संदिग्ध नशीले पदार्थ "दो डफेल बैग" के अंदर पाए गए थे। इसके बाद, FPPR के 'ड्रग्स एंड ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप 6' ने 'कंट्रोल्ड ड्रग्स एंड सब्सटेंस एक्ट' (CDSA) के तहत गिल को गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जांच शुरू की गई और 19 अक्टूबर 2026 को BC प्रोविंशियल कोर्ट में गिल के खिलाफ आरोप तय किए गए। CBSA के पैसिफिक हाईवे डिस्ट्रिक्ट के डायरेक्टर डेविड ली ने एक बयान में कहा, "सीमा पर अवैध नशीले पदार्थों को रोकने के लिए लगातार सतर्कता की आवश्यकता होती है, और एबॉट्सफोर्ड-हंटिंगडन पोर्ट ऑफ एंट्री पर तैनात हमारे बॉर्डर अधिकारियों ने बेहतरीन काम किया है।" ली ने कहा, "नशीले पदार्थों की यह बड़ी बरामदगी CBSA और RCMP के बीच मजबूत साझेदारी को दर्शाती है। हम मिलकर कनाडा के समुदायों को ड्रग तस्करी से बचाने में मदद कर रहे हैं।"
RCMP FPPR की 'ड्रग्स एंड ऑर्गेनाइज्ड क्राइम' यूनिट के स्टाफ सार्जेंट एरिक किमुरा ने कहा, "यह जांच और इसके नतीजे दिखाते हैं कि हमारी जमीनी सीमाओं के जरिए कनाडा में नशीले पदार्थों की आमद को रोकने के लिए CBSA के साथ मिलकर किए गए हमारे प्रयासों का सकारात्मक असर हुआ है।" इससे पहले इस महीने, CBSA ने बताया था कि उसके अधिकारियों ने अमेरिका से विंडसर की ओर एंबेसडर ब्रिज पार कर रहे एक ट्रक से लगभग 128 किलोग्राम कोकीन बरामद की थी।