पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने बुधवार को जालंधर में 73वें गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा फहराया। कोरोना गाइडलाइंस के मुताबिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री चन्नी ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने मोहाली में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लिया और झंडा फहराया।

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने प्रदेशवासियों को 73वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संप्रभुता, समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र, न्याय, समानता, मानवीय गरिमा और एकता के मूल मूल्यों को याद रखना महत्वपूर्ण है, जो हमारे संविधान के आधार हैं। आइए हम इन मूल्यों को बनाए रखने और उनकी रक्षा करने का संकल्प लें।
पंजाब पुलिस के चार अफसरों को राष्ट्रपति पुलिस पदक
पंजाब पुलिस की शानदार सेवाओं के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 73वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राज्य पुलिस के उन अधिकारियों/ कर्मचारियों के नामों का एलान किया है, जिन्हें विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (पीपीएमडीएस) और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक (पीएमएमएस) से सम्मानित किया जाएगा। एडीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) नरेश कुमार और एडीजीपी (इंटेलिजेंस) अमरदीप सिंह राय सहित दो अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) रैंक के अधिकारियों को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए चुना गया है।
एक आईपीएस अधिकारी पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर सुखचैन सिंह गिल, डीआईजी स्पेशल टास्क फोर्स संजीव कुमार रामपाल और चार पीपीएस अधिकारी, जिनमें कमांडेंट पीआरटीसी जहांखेला हरप्रीत सिंह मंडेर, एसपी इन्वेस्टिगेशन होशियारपुर रविंदर पाल सिंह, एसीपी हेडक्वार्टर जालंधर सुभाष चंद्र अरोड़ा और उपाधीक्षक (सुरक्षा) जिला जेल रूपनगर, उन 15 पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों में शामिल हैं, जिन्हें सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक के लिए चुना गया है।
शेष अधिकारियों में इंस्पेक्टर शमिंदर सिंह, इंस्पेक्टर ओंकार सिंह बराड़, इंस्पेक्टर जगप्रीत सिंह, महिला इंस्पेक्टर बलविंदर कौर, एसआई अरुण कुमार, एएसआई संदीप कुमार, एएसआई गुरमुख सिंह और एएसआई अमरीक चंद शामिल हैं। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब वीके भावरा ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और पुलिस बल को और अधिक समर्पण एवं लगन से काम करने के लिए प्रोत्साहित किया।


Tags: