Punjab पंजाब: नाभा-मलेरकोटला रोड पर तेज रफ्तार ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर में नाभा निवासी 25 वर्षीय युवक गगनदीप उर्फ घोनी की दर्दनाक मौत हो गई। गगनदीप अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और 2 बहनों का भाई था। घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली नाभा की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना कोतवाली नाभा के एसएचओ सरबजीत सिंह चीमा ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिजनों के मुताबिक गगनदीप उर्फ घोनी मोटरसाइकिल पर घरेलू सामान लाने के लिए निकला था, तभी तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे ट्रक चालक ने उसे टक्कर मार दी। उस समय बारिश भी हो रही थी। हादसे के बाद ट्रक चालक ने घायल युवक को न तो अस्पताल पहुंचाया और न ही उसकी मदद की, बल्कि ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
परिवार ने बताया कि हादसे के वक्त ट्रक लोडेड था। लगातार हो रहे ट्रक और टिपर हादसों ने अब एक और परिवार का चिराग बुझा दिया है। शोकाकुल परिवार ने मांग की है कि अन्य टिपर हादसों की तरह इस मामले में भी न सिर्फ ट्रक चालक बल्कि ट्रक मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाए।