Punjab: गुरुद्वारा साहिब के एक कमरे में शर्मनाक घटना, गली-मोहल्लों में हंगामा
Punjab पंजाब: सुल्तानपुर लोधी के नजदीकी गांव सैंचा में नशा तस्करों की खुली गुंडागर्दी सामने आई है। नशा तस्करों द्वारा गांव के ग्रंथी को कमरे में बंधक बनाकर मारपीट करने का समाचार है। सिविल अस्पताल में उपचाराधीन ग्रंथी सिंह जीत सिंह पुत्र हरनेक सिंह निवासी सैंचा ने जानकारी देते हुए बताया कि वह पिछले 13 वर्षों से गांव सैंचा में गुरुद्वारा श्री अंगीठा साहिब में ग्रंथी के रूप में सेवा कर रहा है। गत दिवस दोपहर करीब 12 बजे गांव के ही चार-पांच व्यक्ति जो नशे का कारोबार करते हैं, गुरुद्वारा साहिब के अंदर अपनी गाड़ी खड़ी करके चले जाते हैं।
जब मैंने उन्हें गुरुद्वारा साहिब के अंदर अपनी गाड़ी खड़ी न करने के लिए कहा तो वे मुझे गुरुद्वारा साहिब के एक कमरे में ले गए और बंधक बनाकर मेरे साथ मारपीट की तथा मेरी दाढ़ी व बालों का अनादर किया तथा तेजधार हथियारों से हमला करके मुझे घायल कर दिया। इससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई है। उन्होंने कहा कि इसके बाद जब मेरी मां प्रीतम कौर पत्नी हरनेक सिंह (75 साल) मुझे बचाने आई तो उन्होंने मेरी मां को धक्का देकर गिरा दिया और उनकी बाजू तोड़ दी।
उन्होंने कहा कि गांव में 6-7 लोग सरेआम नशे का कारोबार करते हैं और गुंडागर्दी भी करते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और मुझे इंसाफ दिलाया जाए। वहीं जब सुल्तानपुर लोधी थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर हरगुरदेव सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मेरी तरफ से चौकी इंचार्ज से बात करके पीड़िता के बयान दर्ज किए जाएंगे और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित ग्रंथी सिंह को इंसाफ दिलाया जाएगा।