Punjab पंजाब: अमृतसर के राजासांसी इलाके में मंगलवार रात कुछ लुटेरों ने एक डेरे में घुसकर फायरिंग कर दी। इसके बाद डेरे में रहने वाले दो भाइयों ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान गोली लगने से एक लुटेरे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अन्य लुटेरे भाग गए। हालांकि, लुटेरों की गोली से डेरे में रहने वाला जसपाल सिंह घायल हो गया। राजासांसी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राजासांसी के गांव भीलोवाल में दो भाई जसपाल सिंह और जुगराज सिंह एक डेरे में रहते हैं। मंगलवार रात करीब 1 बजे जसपाल सिंह को कुछ शोर सुनाई दिया।
जसपाल सिंह ने देखा कि आठ-दस लुटेरे स्टोर की दीवार फांदकर डेरे में घुस रहे हैं। जसपाल सिंह ने अपने भाई जुगराज सिंह को बुलाकर शोर मचा दिया। शोर सुनकर लुटेरों ने फायरिंग कर दी। यह गोली जसपाल सिंह की बांह में लगी और वह घायल हो गया। इस पर जसपाल के भाई जुगराज ने आत्मरक्षा में राइफल से गोली चला दी। गोली एक लुटेरे को लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच, अन्य लुटेरे भाग निकले। डीएसपी धमेंद्र कल्याण ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।