Punjabपंजाब: पंजाब के पटियाला में सोमवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में बंबीहा गैंग का मुख्य हथियार सप्लायर घायल हो गया। देर शाम हुई इस मुठभेड़ में गैंगस्टर के पैर में गोली लगी है। आरोपी की पहचान तेजिंदर सिंह उर्फ ​​तेजी के रूप में हुई है। वह राजपुरा का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि तेजिंदर सिंह पर आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी। इस दौरान पुलिस ने तेजिंदर सिंह को रुकने का इशारा किया लेकिन उसने पुलिस की गाड़ी पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि गैंगस्टर सिंह ने गाड़ी पर दो गोलियां चलाईं। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई शुरू की। पुलिस की एक गोली तेजिंदर सिंह के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
मध्य प्रदेश से हथियार लाकर बंबीहा गैंग को करता था सप्लाई
जानकारी देते हुए एसएसपी डॉ. नानक सिंह ने बताया कि तेजिंदर सिंह बंबीहा गैंग से ताल्लुक रखता है। वह मध्य प्रदेश से हथियार लाकर गैंग को सप्लाई करता था। उन्होंने यह भी बताया कि इन हथियारों का इस्तेमाल गिरोह पंजाब में विभिन्न वारदातों को अंजाम देने के लिए करता था। नशीली गोलियां, एक रिवॉल्वर और 2 कारतूस बरामद
एसएसपी ने बताया कि आरोपी तेजिंदर सिंह के पास से भारी मात्रा में नशीली गोलियां, एक रिवॉल्वर और दो कारतूस बरामद हुए हैं। इस मामले का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक पैकेट में सफेद रंग की गोलियां हैं और एक रिवॉल्वर जमीन पर पड़ी है। पुलिस ने तेजिंदर सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
आरोपी तेजिंदर सिंह के खिलाफ पांच मामले दर्ज हैं
एसएसपी ने बताया कि तेजिंदर सिंह के खिलाफ पांच मामले दर्ज हैं, जिनमें एक नशा तस्करी का मामला, तीन आर्म्स एक्ट के मामले और एक हत्या का मामला शामिल है। पुलिस के मुताबिक स्पेशल सेल पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तेजिंदर सिंह बाइक पर आ रहा है। जिसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर दी। तभी सामने से तेजिंदर आता दिखाई दिया, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया लेकिन उसने रुकने की बजाय गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
तेजिंदर सिंह ने पुलिस की गाड़ी पर दो गोलियां चलाईं, जिसमें से एक गाड़ी के बोनट पर लगी और दूसरी गाड़ी के साइड में लगी। जिसके बाद पुलिस ने भी गोलियां चलाईं जिसमें तेजिंदर के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। एसएसपी का कहना है कि पंजाब के विभिन्न थानों में इस बात की जांच की जाएगी कि तेजिंदर और किन-किन मामलों में वांछित है।
Tags: