Punjab firing : देर रात फायरिंग, दुकानदार ने बहादुरी से लूट की कोशिश की नाकाम
Punjab Firing: पंजाब के अमृतसर के बटाला रोड इलाके में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ गए हैं। देर रात एक ज्वैलर की दुकान पर फायरिंग की घटना हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू कर दी। जब दुकानदार ने उनसे पुराने चांदी के सामान खरीदने से मना किया, तो एक युवक ने अचानक पिस्तौल निकालकर दो गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज़ सुनकर लोग दुकान के बाहर जमा होने लगे और दूसरा युवक मौके से फरार हो गया।
इसी बीच, दुकानदार ने हिम्मत और बहादुरी दिखाते हुए एक लुटेरे को पकड़ लिया। गनीमत रही कि गोलियों से कोई घायल नहीं हुआ।दुकानदार विक्की शर्मा ने बताया कि घटना के समय उनका नाबालिग भतीजा भी दुकान पर मौजूद था। विक्की शर्मा ने यह भी बताया कि दोनों युवकों ने मास्क पहने हुए थे और अचानक फायरिंग कर दी, जिससे बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। दुकानदार विक्की शर्मा ने इस मामले में प्रशासन से सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।बटाला रोड इलाके में ज्वैलर की दुकान पर हुई फायरिंग की घटना के बारे में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना रात करीब 8:15 बजे बैंक बिहारी गली में KK ज्वैलर्स में हुई। दोनों युवकों में से एक अभी भी फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और जांच कर रही है|