Punjab पंजाब: होशियारपुर से बड़ी खबर आई है। यहां आदमवाल गांव में सामान से भरा एक ट्रक तीन बिजली के खंभों को तोड़ता हुआ दुकानों में जा घुसा। हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जानकारी के अनुसार होशियारपुर-चिंतपूर्णी नेशनल हाईवे पर आदमवाल गांव में रात करीब साढ़े 12 बजे सामान से भरा एक ट्रक गलत दिशा में चला गया और सबसे पहले बिजली के खंभे और मीटर बॉक्स को टक्कर मारी।
इसके बाद कई दुकानों के आगे लगे शेड तोड़ता हुआ 3 दुकानों में जा घुसा। हादसा इतना भयानक था कि बिजली का खंभा और मेन सप्लाई की तार भी टूट गई। इसके कारण लोग काफी परेशान रहे क्योंकि एक बड़े इलाके के गांवों की बिजली सप्लाई रात से ही कटी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब वे दुकान के पीछे अपने घर में थे तो उन्हें भूकंप और बड़े धमाके जैसी आवाज सुनाई दी।
उन्होंने देखा तो दुकान में बना किचन और आसपास की कुछ दुकानें पूरी तरह से तबाह हो चुकी थीं। लोगों का कहना है कि जिस दुकान में ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हुआ, उसके बगल में रसोई और एक बेडरूम है। अगर रसोई में कोई काम कर रहा होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। इस बीच, पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया।