Ludhiana लुधियाना: लुधियाना के आरती चौक पर कल एक लड़की का शव बोरे में भरकर फेंके जाने के मामले को लुधियाना पुलिस ने चंद घंटों में ही सुलझा लिया है। लुधियाना पुलिस ने इस पेचीदा मामले को सुलझाते हुए खुलासा किया कि लड़की की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके अपने ससुर ने ही की थी। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति, ससुर और सास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतका के परिवार को उसके चरित्र पर शक था, जिसके चलते उसके ससुर ने शराब के नशे में इस वारदात को अंजाम दिया।
इस मामले में मृतका की पहचान भी हो गई है। मृतका रेशमा है, जो सर्किट हाउस के पास के इलाके की रहने वाली थी। पुलिस ने मृतका के पति अजय और उसके माता-पिता को कल देर रात गिरफ्तार कर लिया। आपको बता दें कि हाल ही में आरती चौक के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवक सड़क किनारे एक बोरा फेंक रहे थे। इस दौरान जब वहां मौजूद लोगों ने उन्हें रोका तो उन्होंने कहा कि बोरे में आम हैं। जब बोरे से दुर्गंध आई तो उन्होंने कहा कि उसमें कुत्ता है। लोगों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के वहां पहुंचने से पहले ही दोनों आरोपी चालाकी से अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने आकर जब बोरा खोला तो अंदर एक लड़की की लाश मिली, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।