Ludhiana लुधियाना : महानगर के पॉश इलाके सिविल सिटी में उस वक्त दहशत फैल गई, जब देर रात बाइक सवार तीन नकाबपोश युवकों ने एक रेडीमेड गारमेंट की दुकान को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात आम आदमी पार्टी के स्थानीय पार्षद के दफ्तर के ठीक सामने हुई, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। गनीमत यह रही कि वारदात के समय दुकान बंद थी, वरना कोई जानी नुकसान हो सकता था।
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि उसे दो दिन पहले एक विदेशी नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को कुख्यात गोल्डी बराड़ गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपए की फिरौती की मांग की थी। हिमांशु ने इसे किसी की शरारत समझकर अनसुना कर दिया और पुलिस को सूचना नहीं दी।
सोमवार देर रात बाइक पर सवार होकर आए तीन हमलावरों ने दुकान के शटर पर एक के बाद एक 5 राउंड फायर किए। वारदात का पता मंगलवार सुबह चला जब हिमांशु ने दुकान खोली। शटर पर गोलियों के निशान और बाहर पड़े खाली खोल देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और उच्चाधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों का सुराग लगाया ज सके। फोरेंसिक टीम ने मौके से गोलियों के खोल बरामद कर जांच के लिए भेज दिए गए हैं।