Ludhiana: लुधियाना में शनिवार शाम दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। UCPMA ऑफिस के पीछे स्थित अजित साइकिल इंडस्ट्री में पेंट बॉयलर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना भयानक था कि फैक्ट्री की दीवारों से लेकर आसपास की इमारतों की खिड़कियों तक के शीशे हिल उठे।
धमाके के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी चीख-पुकार के बीच जान बचाने के लिए बाहर की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते चारों तरफ धुएं का गुबार फैल गया। हादसे में एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।धमाके की गूंज इतनी तेज थी कि पास के रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बॉयलर फटने के कारणों की जांच जारी है।