Bathinda: शादी से लौट रही NRI महिला से बदमाशों ने लूटा 25 तोला सोना

Update: 2025-02-18 03:09 GMT
Bathinda बठिंडा: रविवार रात को बठिंडा के थाना नेहियांवाला के अंतर्गत आने वाले गांव कोठा नत्था सिंह वाला की मुख्य सड़क पर आर्टिका सवार लुटेरों ने एक एनआरआई महिला से करीब 25 तोले सोना लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। गोनियाना पुलिस चौकी के इंचार्ज मोहनदीप सिंह ने बताया कि एनआरआई महिला राजिंदर कौर कुछ दिन पहले ही आस्ट्रेलिया से अपने गांव चक्क बख्तू आई थी। उन्होंने बताया कि महिला की मौसी के बेटे की शादी जैतो रोड पर बने एक पैलेस में थी। राजिंदर कौर अपने पूरे परिवार के साथ रविवार को शादी में शामिल होने के लिए वहां पहुंची थी।
पुलिस चौकी इंचार्ज ने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे जब महिला शादी से वापस लौट रही थी तो अचानक कार में बैठे बच्चे को उल्टी होने लगी। महिला ने कार रोकी और बच्चे को उल्टी करवा रही थी, तभी पीछे से अर्टिका कार सवार लोग हथियारों के साथ निकले और एनआरआई महिला व परिवार के बाकी लोगों से करीब 25 तोले सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गए। पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित एनआरआई महिला राजिंदर कौर के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags:    

Similar News