Amritsar अमृतसर: पंजाब के अमृतसर ज़िले के छेहरटा इलाके में मंगलवार को पुलिस और नशा तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। यह घटना उस समय हुई जब पुलिस टीम आरोपी को हेरोइन बरामद करने के लिए ले जा रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 किलो से ज़्यादा हेरोइन बरामद की और दो मुख्य तस्करों - लकी और निर्मल को गिरफ्तार कर लिया। उनका तीसरा साथी माणिक अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस ने विशेष टीमें तलाशी अभियान पर लगाई हैं।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी लकी ने कबूल किया कि उसने कुछ हेरोइन अलग से छिपाकर रखी थी। इस पर पुलिस टीम उसे मंगलवार को बरामदगी के लिए ले गई। लेकिन मौके पर पहुँचते ही लकी ने अचानक एएसआई जयबीर की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आरोपी को कई बार आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने बार-बार गोलियां चलाकर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी लकी को गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद, पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई पंजाब में नशे के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि फरार आरोपी माणिक को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags: